CG Cyber Fraud: पेंशन कार्ड के नाम पर आया WhatsApp मैसेज, APK फाइल खोलते ही खाली हुआ बैंक अकाउंट; उड़ गए 8.23 लाख

Anuj Nirala

[nishaanebaz.com] CG Cyber Fraud: दुर्ग|  दुर्ग में एक 61 वर्षीय सरकारी अधिकारी को पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 8.23 लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने WhatsApp के जरिए एक मैसेज भेजा और फिर APK फाइल डाउनलोड करवाकर बैंक खाते से रकम निकाल ली।पीड़ित प्रदीप कुमार सिंघानिया लोक निर्माण विभाग यानी PWD में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने मामले की शिकायत खुर्सीपार थाने में दर्ज कराई है।

WhatsApp पर आया था पेंशन कार्ड का मैसेज

जानकारी के मुताबिक, 23 अगस्त की शाम सिंघानिया के मोबाइल पर पेंशन कार्ड बनाने से जुड़ा एक मैसेज आया था। मैसेज में एक लिंक दिया गया था। लिंक खोलने के बाद एक अनजान नंबर से उन्हें फोन आया।इसके बाद ठगों ने साइबर ठगी के लिए अगला कदम उठाया। उन्होंने WhatsApp पर एक APK फाइल भेजी और उसे खोलकर रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा।ठगों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि यह फाइल बैंक और पेंशन कार्ड के वेरिफिकेशन से जुड़ी है।

Bhupesh Baghel Attack On BJP Adivasi Policy: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा हमला: ‘भाजपा सरकार आदिवासी विरोधी, छीन लिए आदिवासियों के सारे अधिकार’

फर्जी बैंक वेबसाइट खोलकर मांगी निजी जानकारी

जैसे ही सिंघानिया ने APK फाइल खोली, उनके मोबाइल पर बैंक ऑफ इंडिया की वेबसाइट जैसी स्क्रीन दिखाई दी। इसमें उनसे जन्मतिथि और डेबिट कार्ड नंबर समेत दूसरी निजी जानकारी मांगी गई।यहीं से साइबर ठगी का असली खेल शुरू हुआ। जानकारी देने के कुछ घंटे बाद उनके मोबाइल पर बैंक ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे।

पहले 50 हजार, फिर 23 हजार निकले

रात करीब 9:58 बजे पीड़ित को बैंक ऑफ इंडिया के मोबाइल ऐप से ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले। पहले खाते से 50 हजार रुपए और फिर 23 हजार रुपए कटने की जानकारी मिली।संदेह होने पर उन्होंने तुरंत अपना ATM कार्ड ब्लॉक कराया और बैंक खाते को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाए। लेकिन तब तक ठग कई ट्रांजेक्शन कर चुके थे।अलग-अलग लेनदेन के जरिए उनके खाते से कुल 8 लाख 23 हजार रुपए निकाल लिए गए।

1930 पर तुरंत दी साइबर ठगी की सूचना

घटना का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद 24 अगस्त को वह बैंक ऑफ इंडिया की इंदिरा मार्केट शाखा पहुंचे।बैंक स्टेटमेंट की जांच में खाते से 8.23 लाख रुपए के ट्रांजेक्शन सामने आए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दी।

revenue Department Jobs: राजस्व विभाग में सरकारी नौकरी का मौका, छत्तीसगढ़ के 24 जिलों में सहायक ग्रेड-3 के 100 पदों पर भर्ती

पुलिस ने दर्ज किया मामला

खुर्सीपार पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने धारा 318(4), 319(2) BNS और धारा 66(D) IT Act के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।

इस घटना से एक बार फिर साफ है कि WhatsApp पर आने वाली अनजान APK फाइल, लिंक या ऐप को बिना जांचे खोलना कितना खतरनाक हो सकता है। साइबर ठगी से बचने के लिए किसी भी अनजान फाइल को डाउनलोड न करें और बैंक से जुड़ी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *