Monday, August 24, 2026
Home Chhattisgarh Raksha Bandhan 2026: बाजारों में भीड़ बढ़ने से पहले पुलिस का बड़ा...

Raksha Bandhan 2026: बाजारों में भीड़ बढ़ने से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 महिला चोर गिरफ्तार; 12 लाख के जेवर बरामद

Raksha Bandhan 2026
Raksha Bandhan 2026

Raksha Bandhan 2026:रायपुर। रक्षाबंधन के त्योहार को लेकर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ से पहले रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मालवीय रोड पर पैदल पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाकर गले से सोने के लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण चोरी करने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक्टिवा और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसीसीयू और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की 7 वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, समय रहते दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी से रक्षाबंधन की भीड़ के दौरान होने वाली कई संभावित चोरी की घटनाओं को टालने में मदद मिली।

बच्चे के गले से लॉकेट चोरी होने की सूचना से शुरू हुई कार्रवाई

रविवार को रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए मालवीय रोड पर काफी भीड़ थी। इसी दौरान पैदल पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम को एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही एसीसीयू और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती तथा मौका मिलते ही उनके गले के पास हाथ लगाती दिखाई दीं।

सीसीटीवी फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नंदनी राजपूत और सानिया मरकाम, दोनों निवासी गुढियारी, रायपुर के रूप में हुई।

## पूछताछ में 7 चोरी की वारदातों का खुलासा

पुलिस के अनुसार, शुरुआत में दोनों महिलाओं ने पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने महिलाओं और छोटे बच्चों को निशाना बनाकर आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार समेत अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों और मेला स्थलों में घूमकर इसी तरीके से चोरी की 7 घटनाओं को अंजाम दिया था।

12 लाख का सामान बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण, 9,700 रुपये नकद, एक एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस चोरी की अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी दोनों से पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार महिला आरोपियों की पहचान

पुलिस ने नंदनी राजपूत पति मोहन राजपूत नोपाली (32), निवासी रामनगर कर्मा चौक, थाना गुढियारी, रायपुर और सानिया मरकाम पिता कोमल मरकाम (20), निवासी रामनगर, पुरानी पुलिस चौकी के पास, थाना गुढियारी, रायपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली गुढियारी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और वर्तमान में नारकोटिक एक्ट के मामले में दोषसिद्ध होने के बाद केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा है।

त्योहारों को लेकर पुलिस की विशेष निगरानी

Raksha Bandhan 2026:रक्षाबंधन के दौरान मालवीय रोड, गोलबाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। भीड़ का फायदा उठाकर चोरी और अन्य अपराध करने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए रायपुर पुलिस ने पैदल पेट्रोलिंग, सीसीटीवी निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों की मॉनिटरिंग बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी लगातार जारी रहेगी। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एसीसीयू और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम ने की।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here