बिलासपुर [Nishanebaaz News]। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। स्कूल से छुट्टी होने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रहे तीन सगे मासूम भाई-बहन उफनती घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद चलाए गए सघन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आज तीनों बच्चों के शव नदी से बरामद कर लिए गए हैं। इस दुखद हादसे के बाद पूरे इलाके और गांव में मातम का माहौल है।
पुल के बजाय नदी के रास्ते से लौट रहे थे बच्चे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के ग्राम समडील निवासी आशुतोष जायसवाल और विजय जायसवाल ने अपनी बेटियों रिद्धी और सिद्धि का दाखिला गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में कराया था। शनिवार को दोनों बहनें रोजाना की तरह पढ़ाई करने स्कूल गई हुई थीं।
छुट्टी होने के बाद उन्हें घर वापस लाने के लिए परिवार का बड़ा बेटा अनमोल जायसवाल साइकिल लेकर स्कूल पहुंचा था। तीनों बच्चे साइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस दौरान बच्चों ने मुख्य पुल से जाने के बजाय नदी के बीच से होकर गुजरने वाले शॉर्टकट रास्ते को चुना।
तेज बहाव में बिगड़ा साइकिल का संतुलन
बारिश के कारण घोंघा नदी उफान पर थी और पानी का बहाव बेहद तेज था। जैसे ही बड़ा भाई अनमोल दोनों बहनों को साइकिल पर बैठाकर नदी के बीच पहुंचा, तेज धार के कारण उसकी साइकिल का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते तीनों भाई-बहन नदी की तेज धाराओं में समा गए और बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद आज तीनों के शवों को बाहर निकाला जा सका।
छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
गौरतलब है कि इस समय छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर संभाग में गरज-चमक के साथ तेज पानी गिर रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से आने वाले 7 दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। प्रशासन ने उफनती नदियों और नालों के पास न जाने तथा भारी बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।





