Sunday, August 23, 2026
Home Crime Indore Police: इंदौर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1200 से ज्यादा...

Indore Police: इंदौर में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, 1200 से ज्यादा बदमाशों की जांच; 524 पर कार्रवाई

Indore Police: इंदौर। [nishaanebaz.com] अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए इंदौर पुलिस ने शनिवार रात शहरभर में विशेष चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के चारों जोन में हॉट स्पॉट, संवेदनशील इलाकों और शेडो एरिया में सरप्राइज चेकिंग की। इस दौरान 1200 से ज्यादा गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की जांच की गई, जबकि 524 लोगों के खिलाफ विभिन्न मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई।

चारों जोन में चला सरप्राइज चेकिंग अभियान

पुलिस कमिश्नर इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 22 और 23 अगस्त की दरमियानी रात विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने पैदल भ्रमण, बाइक पेट्रोलिंग और ड्रोन के जरिए शहर के संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी रखी।पुलिस ने मल्टियों, हॉट स्पॉट, शेडो एरिया और ऐसे स्थानों को भी अभियान में शामिल किया, जहां अपराध की आशंका अधिक रहती है। अचानक हुई चेकिंग से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।

MP Teacher Recruitment: चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज, पदवृद्धि की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरना

275 वारंट तामील, कई वांछित आरोपी पकड़े

अभियान के दौरान अलग-अलग मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 275 वारंट तामील कराए गए। इनमें 85 स्थाई वारंट, 76 गिरफ्तारी वारंट और 114 जमानती वारंट शामिल हैं।पुलिस ने लंबे समय से फरार या विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की भी जानकारी जुटाई और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई

चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 147 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ 24 प्रकरण दर्ज किए गए। अवैध मादक पदार्थों के सेवन से जुड़े 3 मामले भी दर्ज किए गए।

गुंडे-बदमाशों का डोजियर तैयार कराया

पुलिस ने अभियान के दौरान सक्रिय और आदतन अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर तैयार कराए। पुलिस के अनुसार 210 गुंडे-बदमाश, 86 चाकूबाज, 73 नकबजन, 30 लूट के आरोपी, 130 निगरानी बदमाश और 36 जिलाबदर बदमाशों की जांच की गई।इन लोगों को अपराध से दूर रहने की हिदायत दी गई। पुलिस ने कई अपराधियों को रेड और यलो नोटिस भी दिए और दोबारा अपराध करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

MP News: ई-अटेंडेंस की ज़िद या ज़िंदगी से खिलवाड़? भिंड में उफनती नदी और हवा भरे ट्यूब के सहारे स्कूल पहुंच रहे शिक्षक

ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी सख्ती

अभियान के दौरान वाहनों की भी विशेष जांच की गई। पुलिस ने ब्लैक फिल्म, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सरप्राइज चेकिंग और पेट्रोलिंग का उद्देश्य अपराधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ आम लोगों में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है।

इंदौर पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है। पुलिस का फोकस सक्रिय अपराधियों की पहचान, वारंटियों की धरपकड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने पर रहेगा।

 

READ MORE : MP News: ओरछा में 30-31 अगस्त को BJP प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, 400 नेता होंगे शामिल

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here