Sunday, August 23, 2026
Home Raipur Maiming Gas Agency Raid Gaurela: गौरेला में गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण...

Maiming Gas Agency Raid Gaurela: गौरेला में गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण बेनकाब: खाद्य विभाग ने मारा छापा, 471 सिलेंडर जब्त

[Nishanebaaz News]। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले में एलपीजी गैस के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और वितरण में लगातार सामने आ रही धांधली के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर पालिका गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे द्वारा जिला प्रशासन से की गई लिखित शिकायत को संज्ञान में लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने मेसर्स सियाराम गैस एजेंसी गौरेला के गोदाम पर औचक छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गोदाम में व्यापक अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद टीम ने मौके से कुल 471 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त कर सील कर दिए।

433 घरेलू और 38 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त: खाद्य विभाग की टीम ने गोदाम का भौतिक सत्यापन करते हुए 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 433 घरेलू सिलेंडर (जिसमें 346 भरे और 87 खाली थे) तथा 19 किलोग्राम क्षमता वाले 38 व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडर (जिसमें 2 भरे और 36 खाली थे) जब्त किए।

जांच के दौरान पाया गया कि एजेंसी संचालकों द्वारा नियमविरुद्ध कार्य किया जा रहा था। गोदाम और परिसर में मुख्य स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं किया गया था, मूल्य सूची नहीं लगाई गई थी और आवक-जावक रजिस्टर तथा आधिकारिक स्टॉक पंजी का सही तरीके से संधारण नहीं किया जा रहा था।

पहले भी लग चुका है 10 हजार का जुर्माना: जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उक्त गैस एजेंसी के संबंध में आम उपभोक्ताओं से लंबे समय से अनियमितता और गैस सिलेंडरों की किल्लत की शिकायतें मिल रही थीं। इससे पहले भी विभागीय जांच में लापरवाही पाए जाने पर इस एजेंसी पर 10 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया जा चुका था।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करने, गैस वितरण में पारदर्शिता लाने और कालाबाजारी रोकने के लिए इस तरह का जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here