[Nishaanebaz News] MP News: ओरछा। मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 30 और 31 अगस्त को ऐतिहासिक नगरी ओरछा में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेशभर से भाजपा के वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नेताओं के ओरछा पहुंचने का सिलसिला 29 अगस्त से शुरू होगा।
25 अगस्त को होगी टोली बैठक
मुख्य कार्यसमिति बैठक से पहले 25 अगस्त को भाजपा की ‘टोली बैठक’ आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होकर दो दिवसीय बैठक की तैयारियों और एजेंडे को अंतिम रूप देंगे।शनिवार को ओरछा में तैयारियों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों की बैठक भी हुई। इसमें प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह और उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे।
350 से 400 नेताओं के पहुंचने की संभावना
प्रदेश कार्यसमिति में 106 नियमित सदस्य और 41 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। इसके अलावा सांसद, विधायक और अन्य पदेन सदस्यों को मिलाकर बैठक में करीब 350 से 400 नेताओं के शामिल होने की संभावना है।बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे।
400 कमरों की कराई गई बुकिंग
बड़ी संख्या में नेताओं के पहुंचने को देखते हुए ओरछा के विभिन्न होटल और रिसॉर्ट में करीब 400 कमरों की बुकिंग की गई है। ओरछा रेलवे स्टेशन से होटल तक नेताओं के आवागमन के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था भी रहेगी।बैठक की व्यवस्थाओं की निगरानी की जिम्मेदारी गौरव रणदिवे और शैलेन्द्र बरूआ को सौंपी गई है।
सरकार की योजनाओं पर लगेगी प्रदर्शनी
कार्यसमिति बैठक के दौरान केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसकी जिम्मेदारी भाजपा नेता लोकेन्द्र पाराशर को दी गई है।बैठक में शामिल नेता प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके साथ ही रात्रि में अतिथियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
संगठन और सरकार के कामकाज पर होगी चर्चा
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को मजबूत करने, सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। प्रदेशभर के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठनात्मक रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा।ऐतिहासिक नगरी ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। दो दिनों तक होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं के जुटने से ओरछा में पार्टी का बड़ा राजनीतिक जमावड़ा देखने को मिलेगा।





