Durg Swine Flu: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में बरसात के मौसम में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 साल 11 महीने की बच्ची की जांच रिपोर्ट में H1N1 वायरस की पुष्टि हुई है। मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाते हुए एहतियाती कदम शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बच्ची को करीब दो दिनों से तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षण थे। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की आशंका को देखते हुए RT-PCR जांच कराई। जांच रिपोर्ट में H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। फिलहाल बच्ची का इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की निगरानी
दुर्ग के सिविल सर्जन डॉ. आशीष कुमार मिंज के अनुसार, रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्ची के घर पहुंची। टीम ने परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और उनके सैंपल भी लिए हैं। साथ ही बच्ची के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम आसपास के इलाके में भी निगरानी कर रही है, ताकि किसी अन्य व्यक्ति में संक्रमण के लक्षण पाए जाने पर समय रहते जांच और उपचार शुरू किया जा सके।
Durg Swine Flu: खांसी-छींक और संक्रमित कणों से फैल सकता है संक्रमण
Durg Swine Flu: डॉक्टरों के अनुसार, H1N1 संक्रमण फ्लू का एक प्रकार है, जो खांसने, छींकने या बातचीत के दौरान निकलने वाली संक्रमित बूंदों और कणों के संपर्क में आने से फैल सकता है। बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों पर संक्रमण फैलने का खतरा अधिक रहता है।
Durg Swine Flu: विशेषज्ञों के मुताबिक, 5 साल से कम उम्र के बच्चे फ्लू के कारण गंभीर बीमारी के अधिक जोखिम वाले समूह में आते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।





