Janjgir-Champa News: अजय यादव/जांजगीर-चांपा। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और आने-जाने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस टीमों ने चांपा, अकलतरा, नैला और कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर मोर्चा संभाला है। स्टेशनों के अलावा ट्रेनों में भी यात्रियों और उनके सामान की जांच की जा रही है। खासतौर पर बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाई गई है।
लावारिस बैगों से हथियार बरामद
चेकिंग अभियान के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने हथियारों को सुरक्षित कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा रेलवे परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें। किसी भी लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और इसकी जानकारी तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को दें।
Janjgir-Champa News: पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति हथियार रखना या उनका परिवहन करना कानूनन अपराध है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार का अवैध हथियार अपने साथ लेकर यात्रा न करें। जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल सूचना दें।





