Wednesday, August 19, 2026
Home Chhattisgarh Chief Secretary Vikas Sheel Review Meeting: उपराष्ट्रपति के दौरे के लिए मिनट-टू-मिनट...

Chief Secretary Vikas Sheel Review Meeting: उपराष्ट्रपति के दौरे के लिए मिनट-टू-मिनट प्रोटोकॉल तैयार, एयरपोर्ट से एम्स तक तैनात रहेगा भारी पुलिस बल

रायपुर [Nishanebaaz News] CP Radhakrishnan AIIMS Raipur Convocation। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आगामी 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर आ रहे हैं। अपने इस प्रस्तावित प्रवास के दौरान उपराष्ट्रपति रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के भव्य दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे और मेधावी चिकित्सकों को उपाधियां प्रदान करेंगे।

मुख्य सचिव विकासशील ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश

उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर राज्य प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर उपराष्ट्रपति के प्रवास की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि उपराष्ट्रपति के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तथा निर्धारित वीवीआईपी (VVIP) प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित तरीके से पूरी कर ली जाएं।

एयरपोर्ट से एम्स तक चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

मुख्य सचिव ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष बल देते हुए स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर से एम्स अस्पताल परिसर तक के मार्ग पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश गृह विभाग को दिए हैं। रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत, रिसेप्शन लाइन तथा एम्स परिसर में प्रोटोकॉल से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का नोडल प्रभारी बनाया गया है। आवागमन के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए विशेष ट्रैफिक डाइवर्जन प्लान तैयार किया जा रहा है।

मेडिकल इमरजेंसी और बैकअप सेवाओं के पुख्ता इंतजाम

उपराष्ट्रपति के प्रवास के दृष्टिगत आकस्मिक चिकित्सा सहायता (Medical Emergency) की पुख्ता व्यवस्था रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, ठहरने के स्थान, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा प्रकाश व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। राज्य शासन के सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को गरिमामय एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here