Sunday, August 16, 2026
Home Top News Jharkhand Student Agitation Ajay Chandrakar Statement: झारखंड छात्र आंदोलन पर भूपेश बघेल...

Jharkhand Student Agitation Ajay Chandrakar Statement: झारखंड छात्र आंदोलन पर भूपेश बघेल की चुप्पी पर अजय चंद्राकर का तंज: ‘जूता चोरी होने का डर है तो नया जूता दे देंगे’

रायपुर [Nishanebaaz News]Jharkhand Student Agitation Ajay Chandrakar Statement। झारखंड में चल रहे छात्रों के बड़े आंदोलन पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की खामोशी को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने तीखा हमला बोला है। रायपुर में मीडिया से बात करते हुए चंद्राकर ने तंज भरे लहजे में कहा कि भूपेश बघेल हवा चलने, बारिश होने और धूप निकलने जैसे हर सामान्य मुद्दे पर भी जांच की मांग कर सकते हैं, लेकिन जब झारखंड में छात्रों के भविष्य का सवाल है, तो उनकी आवाज बंद हो जाती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि वे इस डर से झारखंड नहीं जा रहे कि वहां उनका जूता चोरी हो जाएगा, तो हम उन्हें नया जूता खरीदकर दे देंगे।

वैचारिक नक्सलवाद पर कांग्रेस को घेरा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैचारिक नक्सलवाद पर दिए गए बयान का समर्थन करते हुए अजय चंद्राकर ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के गायन के दौरान कथित तौर पर हुए विवाद का जिक्र किया। चंद्राकर ने कहा कि जो लोग राष्ट्र के सम्मान और देशभक्ति से जुड़े प्रतीकों का विरोध करते हैं, वही असली नक्सली मानसिकता का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे तत्वों को देश की संवैधानिक और प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं है और वे अपना एजेंडा लागू करना चाहते हैं। जो देश का विरोध करते हैं, वे ही नक्सलाइट हैं।

वंदे मातरम विवाद की उच्चस्तरीय जांच की मांग कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत रोके जाने के आरोपों पर हमला तेज करते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के तहत वंदे मातरम का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस की उस सफाई को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए कुर्सी मंगाई जा रही थी। चंद्राकर ने कहा कि यदि राष्ट्रगीत का पूरा गायन हुआ था, तो उसका वीडियो जनता के सामने लाया जाना चाहिए। उन्होंने इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की।

कथित वायरल वीडियो पर एफआईआर और कांग्रेस से इस्तीफे की मांग सोशल मीडिया पर अपने एक कथित वायरल वीडियो के विवाद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए अजय चंद्राकर ने बताया कि धमतरी में भाजपा पदाधिकारियों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सुप्रिया श्रीनेत और पवन खेड़ा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि जिस वीडियो को 15 अगस्त के कार्यक्रम का बताकर प्रचारित किया गया, वह दरअसल कुरुद में आयोजित एक पुराने प्रशिक्षण शिविर का है। इस वर्ष धमतरी में शासकीय प्रोटोकॉल के तहत उन्होंने स्वयं ध्वजारोहण किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने राजनीतिक लाभ के लिए राष्ट्रीय पर्व का दुरुपयोग किया है और ऐसे नेताओं को नैतिक आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here