Surguja Crime: सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में रविवार को दिनदहाड़े हुई एक बड़ी उठाईगिरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। व्यस्त बाजार के बीच एक शातिर बदमाश ने ज्वेलरी शॉप संचालक के करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चंद सेकेंड में पार कर दिया और मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का माहौल है। बाजार में मौजूद लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क पर इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
दुकान खोलने पहुंचे थे संचालक, चंद पलों में गायब हुआ करोड़ों का सामान
Surguja Crime: जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 11:25 बजे की है। काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के संचालक अरुण देव रोज की तरह अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान खोलने की तैयारी के दौरान उन्होंने अपनी स्कूटी के पास सोने और चांदी के कीमती आभूषणों से भरा बैग रखा था।
इसी दौरान पहले से आसपास नजर रख रहा एक अज्ञात युवक मौके का फायदा उठाकर बैग उठाकर फरार हो गया। जब तक कारोबारी को बैग गायब होने का एहसास हुआ, तब तक आरोपी वहां से काफी दूर निकल चुका था।
बैग में थे करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण
बताया जा रहा है कि बैग में दुकान के लिए लाए गए करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण रखे हुए थे। इतनी बड़ी कीमत के जेवरात गायब होने की सूचना मिलते ही पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।व्यापारियों ने घटना पर चिंता जताते हुए बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
NH-43 पर स्थित दुकान के बाहर हुई वारदात
Surguja Crime: घटना सीतापुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-43) पर स्थित हाई स्कूल के पास संचालित काशी विश्वनाथ ज्वैलर्स के बाहर हुई। यह इलाका हमेशा लोगों की आवाजाही से भरा रहता है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल रहा।
CCTV फुटेज में कैद हुआ संदिग्ध
घटना के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक बैग लेकर तेजी से जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है।इसके अलावा आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने शुरू की जांच, कई टीमें तलाश में जुटीं
Surguja Crime: घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस आसपास के इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों की भी जांच कर रही है। साथ ही जिलेभर में संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
Surguja Crime: दिनदहाड़े हुई इस बड़ी उठाईगिरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि मुख्य बाजार में इस तरह की घटनाएं होंगी तो कारोबारियों की सुरक्षा पर सवाल उठेंगे। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही चोरी गए जेवरात बरामद करने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।






