Mungeli News: लोरमी में बड़ा हादसा टला: निर्माणाधीन सड़क पर गड्ढे में फंसकर पलटी स्कूली बच्चों से भरी ई-रिक्शा, PWD और ठेकेदार पर उठे सवाल

Sanjay Sahu
Mungeli News

Mungeli News: लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क पर लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक ई-रिक्शा सड़क पर बने गड्ढे में फंसकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि ई-रिक्शा में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।

Mungeli News: सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि निर्माणाधीन सड़क से गुजरते समय ई-रिक्शा अचानक गहरे गड्ढे में फंस जाती है। संतुलन बिगड़ने के बाद वाहन पलट जाता है और उसमें सवार बच्चे सड़क पर गिर जाते हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और सड़क निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन बारिश के मौसम के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। सड़क पर बने गड्ढों को न तो भरा गया और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेड लगाए गए।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उन्होंने बारिश शुरू होने से पहले ही सड़क की बदहाल स्थिति की जानकारी PWD को दी थी और मरम्मत की मांग भी की थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि विभाग और निर्माण एजेंसी ने आवश्यक सुरक्षा उपाय किए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

 

Mungeli News: घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों ने निर्माणाधीन सड़क का कार्य जल्द पूरा करने, गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

Mungeli News: फिलहाल इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हादसे ने निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *