Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर में वाहन चोरी के मामलों पर कार्रवाई करते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल एक बाइक सहित कुल चार वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
Raipur Crime: पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अभिषेक राय उर्फ जीतू (26) निवासी खरोरा के रूप में हुई है। वह थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ वाहन चोरी, चोरी और डकैती समेत 15 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र में दर्ज बैंक डकैती के एक मामले में भी जेल जा चुका है।
Raipur Crime: पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर वाहन चोरों की तलाश कर रही थी।
Raipur Crime: इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक राय लगातार अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे टीवीएस ड्रिम योगा मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।
Raipur Crime: पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन के दस्तावेज नहीं दिखा सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से बाइक चोरी की थी।
Raipur Crime: आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने भाई के साथ पल्सर बाइक से शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर पहले वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट भी बदल देता था।
Raipur Crime: आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की तीन दोपहिया वाहन और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की। इनमें दो वाहन पंडरी और विधानसभा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए थे। पुलिस ने आरोपी अभिषेक राय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, वारदात में शामिल उसका भाई फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।







