Chhattisgarh Education & Health News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के उच्च व चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आज एक बड़ा मील का पत्थर हासिल हुआ है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने प्रदेश में प्रस्तावित 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को अपनी आधिकारिक मान्यता प्रदान कर दी है। ये नए मेडिकल कॉलेज कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, दंतेवाड़ा और कुनकुरी में स्थापित किए जा रहे हैं। इन सभी कॉलेजों में इसी शैक्षणिक सत्र से 50-50 सीटों के साथ एमबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।
एमबीबीएस की बढ़ीं 250 सीटें, ऐतिहासिक दिन
मान्यता मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा, “छत्तीसगढ़ के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है। प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है जब एक साथ 5 नए मेडिकल कॉलेजों को एक ही सत्र में शुरू करने की अनुमति मिली है। इससे राज्य में एमबीबीएस की 250 नई सीटें बढ़ जाएंगी, जिससे राज्य के होनहार छात्रों को डॉक्टरी की पढ़ाई के अधिक अवसर मिलेंगे।”
सीएम साय की पहल से रंग लाई कोशिश
गौरतलब है कि कुछ समय पहले एनएमसी ने अधूरी अधोसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) और अन्य मापदंडों की कमी का हवाला देते हुए इन कॉलेजों को मान्यता देने से मना कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की थी और प्रदेश के दूरस्थ व वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का हवाला देते हुए अपनी बात रखी थी। मुख्यमंत्री के इस प्रयास के बाद एनएमसी की टीम ने पुनर्मूल्यांकन कर इन पांचों कॉलेजों को हरी झंडी दे दी।







