Amity University Media Conclave: एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड में राष्ट्रीय मीडिया कॉन्क्लेव का आयोजन, ‘पढ़ो, लिखो और सोचो’ का मिला संदेश

VIKASH KHALKHO

Amity University Media Conclave: रांची। एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा संस्थान के विज़न व मिशन के अनुरूप 09 जुलाई 2026 को ‘राष्ट्रीय मीडिया कॉन्क्लेव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कॉन्क्लेव का मुख्य विषय “बियॉन्ड द न्यूज़रूम: ब्रिजिंग द टैलेंट गैप थ्रू इंडस्ट्री–अकादमिक इमर्शन” रखा गया था। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देशभर के प्रतिष्ठित पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों, फिल्म निर्माताओं, विज्ञापन एवं जनसंपर्क विशेषज्ञों, डिजिटल मीडिया उद्यमियों, नीति-निर्माताओं तथा विद्यार्थियों को एक साझा मंच पर लाकर मीडिया जगत के आधुनिक बदलावों और उद्योग व अकादमिक क्षेत्र के बीच तालमेल पर सार्थक चर्चा करना था।

‘पढ़ो, लिखो और सोचो’ ही पत्रकारिता का मूल मंत्र: पद्मश्री बलबीर दत्त

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश प्राण के संस्थापक एवं संपादक पद्मश्री बलबीर दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि पहले पत्रकारिता के लिए ‘प्रेस’ शब्द का प्रयोग होता था, जिसे अब ‘मीडिया’ ने प्रतिस्थापित कर दिया है। उन्होंने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) के पूर्व अध्यक्ष न्यायमूर्ति जे. बी. सावंत के विचारों का उल्लेख करते हुए मीडिया को लोकतंत्र का प्रथम स्तंभ बताया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इलाहाबाद से प्रकाशित समाचार पत्र ‘द लीडर’ के संपादक श्री चिंतामणि का उदाहरण देते हुए उन्होंने छात्रों को “पढ़ो, पढ़ो, पढ़ो और लिखो, लिखो, लिखो” का अभ्यास अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) कभी भी मानव मस्तिष्क का स्थान नहीं ले सकती और भारत में बढ़ती साक्षरता दर के कारण मीडिया का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।‘सत्यमेव जयते’ ही पत्रकारिता की आत्मा: कुलपति प्रो. अशोक कुमार श्रीवास्तव

एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के विचारों का समर्थन करते हुए कहा कि ‘रीड’ और ‘राइट’ के साथ ‘थिंक’ को जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि पहले सोचें, फिर पढ़ें और उसके बाद लिखें। उन्होंने जोर देकर कहा, “मीडिया केवल ब्रेकिंग न्यूज़ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनविश्वास के निर्माण और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का माध्यम है। ‘सत्यमेव जयते’ ही पत्रकारिता की आत्मा है।”

दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाओं का आयोजन

कॉन्क्लेव के दौरान मीडिया उद्योग की वर्तमान जरूरतों और चुनौतियों पर केंद्रित दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं:

  1. क्लासरूम टू न्यूज़रूम: ब्रिजिंग द अकादमिक–इंडस्ट्री गैप: इस सत्र में पीटीआई झारखंड की सीनियर एसोसिएट एडिटर सुश्री नमिता तिवारी, द टाइम्स ऑफ इंडिया के ब्यूरो चीफ श्री ए.एस.आर.पी. मुकेश, दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार श्री कुंदन कुमार चौधरी, ज़ी बिहार झारखंड के रेज़िडेंट एडिटर श्री धीरज कुमार ठाकुर, प्रभात खबर के श्री विजय बहादुर तथा रफ्तार मीडिया के प्रबंध निदेशक श्री गौरव कुमार सिंह ने अपने विचार साझा किए।

  2. मीडिया एंटरप्रेन्योरशिप: स्टार्ट-अप्स एंड इमर्जिंग बिजनेस मॉडल्स: इस सत्र में झारखंड विधानसभा के पीआरओ श्री गुलाम मोहम्मद सरफराज, ‘द फॉलोअप’ के संस्थापक श्री सनी शरद, रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चौधरी, कशिश न्यूज़ के वरिष्ठ पत्रकार श्री संदीप कुमार तथा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता श्री मेघनाथ एवं श्री बीजू टोप्पो ने मीडिया में उद्यमिता व नए व्यावसायिक मॉडलों पर प्रकाश डाला।

छात्रों की पुरस्कृत लघु फिल्म ‘पलायन’ का प्रदर्शन

संवादात्मक सत्रों के साथ-साथ पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों विवेक तिग्गा और आर्यन कुमार द्वारा निर्मित लघु फिल्म “पलायन” का विशेष प्रदर्शन किया गया। उल्लेखनीय है कि इस फिल्म ने 27–28 जून 2026 को आयोजित चित्रपट झारखंड फिल्म फेस्टिवल में तीन पुरस्कार जीते थे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अडानी पावर लिमिटेड, ख्याति – द बुटीक, स्माइल रिटर्न तथा ओप्पो झारखंड (झेंग युआन मोबाइल्स) के प्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा। एमिटी यूनिवर्सिटी झारखंड का पत्रकारिता विभाग आधुनिक प्रयोगशालाओं और उत्कृष्ट अधोसंरचना के साथ विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Share The News
Share This Article
विकास कुमार खलखो एक डिजिटल पत्रकार, समाचार संपादक और SEO कंटेंट क्रिएटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने BJMC, Master of Journalism (MJ) और M.Phil. (मीडिया स्टडीज़) की डिग्री हासिल की है और दबंग दुनिया, हमर छत्तीसगढ़ योजना, हरिभूमि, सन स्टार डेली न्यूज़ और छत्तीसगढ़ की आवाज़ जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें हिंदी पत्रकारिता, ब्रेकिंग न्यूज़ कवरेज, SEO-फ्रेंडली कंटेंट राइटिंग, डिजिटल पब्लिशिंग, कंटेंट स्ट्रैटेजी, थंबनेल डिज़ाइन और सोशल मीडिया मैनेजमेंट में विशेष महारत हासिल है। उनका उद्देश्य सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के माध्यम से पाठकों तक प्रभावशाली समाचार पहुँचाना और साथ ही उच्च गुणवत्ता वाला डिजिटल कंटेंट तैयार करना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *