Betul Murder Case: शशांक सोनकपुरिया/ बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। आमला थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी ही मां के साथ मिलकर कथित तौर पर पिता की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि खेती और पैसों के विवाद के चलते बेटे ने गमछे से पिता का गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को नदी के सूखे हिस्से में छिपा दिया गया और पूरे मामले को दबाने के लिए मां ने अपने पति की झूठी गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
हालांकि पुलिस की वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आगे आरोपियों की चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने मां और बेटे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
नदी किनारे मिला था अज्ञात शव
Betul Murder Case: पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को आमला थाना क्षेत्र की कुड़मुड नदी की सूखी पुलिया के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बाद में शव की पहचान ग्राम शंभुढाना बड़ाखारी निवासी लब्बू यादव के रूप में हुई।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मौत प्राकृतिक नहीं बल्कि गला घोंटकर हत्या किए जाने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच शुरू की।
खेती और पैसों को लेकर चल रहा था विवाद
Betul Murder Case: जांच में सामने आया कि मृतक लब्बू यादव और उनके बेटे संदीप यादव के बीच लंबे समय से खेती, घरेलू खर्च और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों के बीच कहासुनी और झगड़े होते थे।पुलिस के अनुसार, इसी विवाद से तंग आकर संदीप ने अपनी मां सुनीता यादव के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बनाई।
रेलवे स्टेशन से लौटते समय की हत्या
Betul Murder Case: पुलिस जांच के मुताबिक, 22 और 23 जून की दरम्यानी रात रेलवे स्टेशन से लौटते समय संदीप ने गमछे से अपने पिता का गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने शव को कुड़मुड नदी के सूखे हिस्से में ले जाकर छिपा दिया, ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे।
मां ने निभाया बेटे का साथ
Betul Murder Case: पुलिस का दावा है कि आरोपी मां सुनीता यादव को हत्या की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद उसने बेटे का साथ दिया और साक्ष्य छिपाने में सहयोग किया।इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए उसने बोरदेही थाने में अपने पति की झूठी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, ताकि पुलिस का शक दूसरी दिशा में चला जाए।जांच में पुलिस को ऐसे भी तथ्य मिले हैं, जिनसे संकेत मिलता है कि मां अपने बेटे को लगातार मृतक के खिलाफ भड़काती रही थी।
वैज्ञानिक जांच से खुला पूरा राज
Betul Murder Case: बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में आमला थाना पुलिस ने घटनास्थल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों और गवाहों के बयान सहित सभी साक्ष्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच की।जांच के दौरान मिले तथ्यों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पूछताछ में मिले इनपुट और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
Betul Murder Case: पुलिस ने आरोपी संदीप यादव और उसकी मां सुनीता यादव के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।पुलिस का कहना है कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक गंभीर अपराध है और सभी साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में मजबूत अभियोजन प्रस्तुत किया जाएगा।







