Dhamtari News: धमतरी।छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नगरी थाना क्षेत्र में घर लौट रहे एक मछली कारोबारी की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हमले के दौरान मृतक के साथ मौजूद युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया गया, जिससे वह बदमाशों का विरोध नहीं कर सका। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Dhamtari News: दुकान बंद कर घर लौट रहे थे कारोबारी
Dhamtari News: पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बिप्लब मंडल (55) के रूप में हुई है। वे रोज की तरह नगरी क्षेत्र में मछली बेचने के बाद शनिवार रात अपने घर, गरियाबंद जिले की ओर लौट रहे थे। उनके साथ गांव का युवक टूम्मन यादव भी दोपहिया वाहन पर सवार था।
Dhamtari News: जंगल के पास घात लगाकर किया हमला
Dhamtari News: बताया जा रहा है कि रात करीब 7 से 8 बजे के बीच नगरी-गरियाबंद मार्ग पर गोरगांव गांव से आगे जंगल के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने बिप्लब मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Dhamtari News: साथी की आंखों में झोंकी मिर्च
हमले के दौरान बदमाशों ने मृतक के साथी टूम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर वह किसी तरह वहां से भाग निकला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर पुलिस व स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही नगरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश, लूटपाट और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
आरोपियों की तलाश में कई टीमें
Dhamtari News: पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
Dhamtari News: इस सनसनीखेज वारदात के बाद नगरी और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।







