Bhilai Fraud Case: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक हैरान कर देने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और दैवीय शक्तियों के नाम पर एक 62 वर्षीय महिला से करीब 85 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपी ने पहले महिला की घरेलू समस्याओं का समाधान करने का दावा किया, फिर ग्रह दोष, प्रेत बाधा और जिन्न का डर दिखाकर धीरे-धीरे लाखों रुपये ऐंठ लिए। इतना ही नहीं, उसने महिला के पति के साथ अनहोनी होने की आशंका जताकर भी उसे डराया और बाद में पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने के बाद इसी घटना का फायदा उठाकर और अधिक रकम वसूलता रहा।
Bhilai Fraud Case: मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है, जहां रहने वाली संगीता कश्यप (62) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक कार्यक्रम में हुई पहचान, यहीं से शुरू हुआ ठगी का खेल
Bhilai Fraud Case: पीड़िता के अनुसार नवंबर 2023 में वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर गई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात पवन बधौलिया से हुई। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी कुछ पारिवारिक और घरेलू परेशानियों का जिक्र किया। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली लोगों और विशेष धार्मिक अनुष्ठान करने वालों से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ के जरिए उनकी सभी समस्याओं का समाधान कर सकता है।
Bhilai Fraud Case: महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार संपर्क में रहा और फोन पर ग्रह दोष, प्रेत बाधा, जिन्न और नकारात्मक शक्तियों का डर दिखाने लगा। वह बार-बार महंगे अनुष्ठान और गुप्त पूजा कराने की बात कहकर पैसों की मांग करता रहा।
पति के एक्सीडेंट की आशंका जताई, फिर हादसे के बाद बढ़ाया दबाव
Bhilai Fraud Case: शिकायत के मुताबिक आरोपी ने महिला को यह भी कहा था कि उनके परिवार पर गंभीर संकट मंडरा रहा है और यदि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो उनके पति के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कुछ समय बाद महिला के पति का सड़क हादसा हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
Bhilai Fraud Case: महिला को संदेह है कि आरोपी ने इसी घटना का फायदा उठाकर उसके मन में भय पैदा किया और दावा करने लगा कि वह पहले ही इस अनहोनी की चेतावनी दे चुका था। इसके बाद उसने और अधिक पूजा-पाठ तथा तांत्रिक अनुष्ठानों के नाम पर बड़ी रकम वसूल ली।
निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच भी दिया
Bhilai Fraud Case: तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के अलावा आरोपी ने महिला को शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा भी दिया। महिला और उसके बेटे से अलग-अलग किस्तों में बैंक खातों के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई गई। इस तरह धीरे-धीरे कुल ठगी की राशि करीब 85 लाख रुपये तक पहुंच गई।
पैसे मांगे तो भेजी नस काटने की फोटो
Bhilai Fraud Case: पीड़िता ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी ने एक नया नाटक रचा। उसने व्हाट्सएप पर हाथ की नस कटी हुई तस्वीर भेजकर भावनात्मक दबाव बनाने की कोशिश की। बाद में उसने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार बताया और कानूनी कार्रवाई से बचने के नाम पर भी महिला से लगभग 7 लाख रुपये और ले लिए।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
Bhilai Fraud Case: दुर्ग एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी सौंपे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
Bhilai Fraud Case: पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









