Raigarh Sarthi Samaj: गौरी शंकर गुप्ता/लैलूंगा (रायगढ़): छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला अंतर्गत लैलूंगा स्थित मंगलम भवन में सूत सारथी समाज द्वारा एक भव्य और गरिमापूर्ण जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महाधिवेशन में जिला कार्यकारिणी का गठन, सामाजिक जनगणना प्रपत्र का विमोचन और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह एक साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में रायगढ़ जिले के विभिन्न ब्लॉकों से बहुत बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्ध नागरिक, मातृशक्ति, नव-निर्वाचित पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता एकजुट हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री दिलीप सारथी ने की। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में सूत सारथी समाज के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेश सारथी (राजनांदगांव) एवं प्रदेश महासचिव श्री विक्रम सिंह सेंगर (दुर्ग) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत
प्रदेश नेतृत्व के प्रथम रायगढ़ आगमन पर समाज के युवाओं और पदाधिकारियों ने पलक-पावड़े बिछा दिए। नगाड़ों की गूंज, भव्य आतिशबाजी, पुष्पवर्षा और गगनभेदी नारों के बीच अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों ने समाज के आराध्य पूज्य श्री सुमंत जी महाराज एवं श्री सूत जी महाराज के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
सर्वसम्मति से चुनी गई रायगढ़ की नई टीम
बैठक के मुख्य एजेंडे के तहत सभी ब्लॉकों के पदाधिकारियों की सहमति से रायगढ़ जिला कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से निम्नलिखित मनोनयन किए गए:
-
जिला अध्यक्ष: श्री देशीराम सारथी (चोटीगुड़ा, घरघोड़ा)
-
जिला उपाध्यक्ष: श्री सुरेश सारथी (शाहपुर)
-
जिला सचिव: श्री सुंदरलाल सारथी (केवली)
सामाजिक जनगणना प्रपत्र का विमोचन और प्रतिभा सम्मान
इस ऐतिहासिक मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेश सारथी और प्रदेश महासचिव श्री विक्रम सिंह सेंगर द्वारा ‘रायगढ़ जिला सामाजिक जनगणना प्रपत्र’ का विधिवत विमोचन किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि इस जनगणना के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति की वास्तविक सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का सटीक आंकलन किया जा सकेगा, जिससे समाज के उत्थान की भावी रूपरेखा तैयार होगी। इसके साथ ही, बोर्ड परीक्षाओं और उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाले समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिक्षा और संगठन ही उन्नति का मूल आधार: योगेश सारथी
अपने ओजस्वी संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष श्री योगेश सारथी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को मिटाने, शिक्षा का स्तर सुधारने और सांगठनिक मजबूती पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना कोई भी समाज आगे नहीं बढ़ सकता।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लैलूंगा ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतराम सारथी, घरघोड़ा अध्यक्ष मेघनाथ सारथी, कापू अध्यक्ष करमसाय सारथी, तमनार अध्यक्ष छतरसाय सारथी, खरसिया अध्यक्ष सुमित सारथी, महिला विंग से श्रीमती दुर्गेशनंदिनी सारथी, श्रीमती शारदा सारथी सहित युवा विंग के गौतम कुलदीप, शंभू सारथी, आकृत सारथी और मधु सारथी का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। अंत में आयोजकों द्वारा गरिमामयी उपस्थिति के लिए सभी स्वजातीय बंधुओं का आभार व्यक्त किया गया।










