छत्तीसगढ़ में 86 कैंसिल ट्रेनें फिर से शुरू: रेलवे ने टाला बड़ा काम, MP-महाराष्ट्र, बिहार और बंगाल के यात्रियों को राहत

Parivesh

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए 7 जून से 19 जून के बीच रद्द की गई सभी 86 ट्रेनों को पुनः संचालित करने का फैसला किया है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि चांपा रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित चौथी रेल लाइन के निर्माण से जुड़े नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य को फिलहाल आगामी आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इसके चलते पहले रद्द की गई सभी ट्रेनें अब अपने निर्धारित समय और मार्ग पर चलेंगी

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, बहाल की गई ट्रेनों में 76 एक्सप्रेस ट्रेनें और बिलासपुर मंडल की 10 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद्द होने से हजारों यात्रियों को यात्रा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों के यात्रियों पर इसका व्यापक असर पड़ने वाला था।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए लिया गया फैसला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चांपा स्टेशन पर चौथी रेल लाइन के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित था, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द किया गया था। हालांकि यात्रियों की बढ़ती परेशानी और यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फिलहाल इस कार्य को स्थगित करने का निर्णय लिया है। इससे लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी और उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित नहीं होंगी।

यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचे
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति और समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या रेलवे पूछताछ सेवा के माध्यम से अपनी ट्रेन से संबंधित जानकारी हासिल कर सकते हैं। रेलवे के इस फैसले से आने वाले दिनों में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और अब सभी 86 ट्रेनें पहले की तरह नियमित रूप से संचालित होंगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *