Yashasvi Jaiswal Doping Test Notice : आईपीएल 2026 के रोमांच के बीच भारतीय क्रिकेट से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है। टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर शेफाली वर्मा पर डोप टेस्ट नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) ने दोनों खिलाड़ियों को नोटिस जारी किया है, क्योंकि वे निर्धारित समय और स्थान पर डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हुए थे।
‘Whereabout Clause’ के उल्लंघन का मामला
NADA के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल (RTP) में शामिल खिलाड़ियों को पहले से अपनी लोकेशन और उपलब्धता की जानकारी देनी होती है। इसे ‘Whereabout Clause’ कहा जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, 17 दिसंबर को डोप कंट्रोल ऑफिसर टेस्ट के लिए पहुंचे थे, लेकिन यशस्वी जायसवाल अपने बताए गए स्थान पर मौजूद नहीं थे। वहीं 7 नवंबर को शेफाली वर्मा भी टेस्ट के दौरान उपलब्ध नहीं मिलीं।
नोटिस का जवाब भी नहीं दिया
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। NADA ने दोनों खिलाड़ियों को फरवरी में नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक दोनों खिलाड़ियों ने तय समय सीमा के भीतर कोई जवाब नहीं दिया।
इसके बाद एजेंसी ने दोनों के खिलाफ ‘Whereabout Failure’ के तहत ‘Miss Test’ दर्ज कर लिया। अब NADA ने फिर से नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा है।
BCCI और ICC को भेजी गई जानकारी
NADA ने इस पूरे मामले की जानकारी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को भी दी है। दोनों संस्थाएं WADA और NADA के नियमों के तहत काम करती हैं।
क्या लग सकता है बैन?
फिलहाल दोनों खिलाड़ियों पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है। नियमों के अनुसार RTP में शामिल खिलाड़ी अगर 12 महीने के भीतर तीन बार टेस्ट से चूकते हैं, तभी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है।यदि खिलाड़ी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाते हैं, तो उन पर दो साल तक का प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।
IPL के बीच बढ़ी हलचल
यशस्वी जायसवाल इस समय IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे हैं, जबकि शेफाली वर्मा भारतीय महिला क्रिकेट की अहम खिलाड़ी हैं। ऐसे में यह मामला भारतीय क्रिकेट में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।









