मुंबई : IPL 2026 में आज सोमवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। दोनों टीमें इस सीजन पहली बार आमने-सामने होंगी और मुकाबला प्लेऑफ की रेस के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हारने वाली टीम के लिए मुश्किल बढ़ेगी
मुंबई इंडियंस अगर अपने घरेलू मैदान पर यह मुकाबला हार जाती है, तो उसके लिए प्लेऑफ की राह लगभग बंद हो जाएगी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए भी यह मुकाबला करो या मरो जैसा है। दोनों टीमों के पास फिलहाल 8-8 अंक हैं और अंक तालिका में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी है।
हेड टू हेड में लखनऊ का दबदबा
मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें लखनऊ ने 6 मैच जीते हैं, जबकि मुंबई को सिर्फ 2 जीत मिली हैं।वानखेड़े स्टेडियम में भी लखनऊ का पलड़ा भारी रहा है। यहां दोनों टीमें 3 बार भिड़ी हैं, जिसमें 2 मुकाबले LSG ने अपने नाम किए हैं।
मुंबई की उम्मीद बने रिकल्टन और गजनफर
इस सीजन मुंबई इंडियंस के लिए रायन रिकल्टन शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने 7 मैचों में 177.84 के स्ट्राइक रेट से 297 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक भी निकला है।वहीं गेंदबाजी में अल्लाह गजनफर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 मैचों में 11 विकेट झटके हैं और टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं।
लखनऊ के लिए मार्श और प्रिंस अहम
लखनऊ सुपर जायंट्स की बात करें तो मिचेल मार्श टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने 8 मैचों में 212 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 133.33 का रहा है।गेंदबाजी में युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने 13 विकेट लेकर टीम को कई अहम सफलताएं दिलाई हैं।
Read more : IPL 2026: कोलकाता ने हैदराबाद के घर में दर्ज की बड़ी जीत, रिंकू सिंह की फिनिशिंग ने पलटा मैच
बल्लेबाजों को मदद करेगी वानखेड़े की पिच
वानखेड़े स्टेडियम की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए मददगार रही है। इस सीजन यहां खेले गए 4 मैचों में से 3 मुकाबलों में 200 से ज्यादा रन बने हैं।
हालांकि एक मैच में मुंबई ने पंजाब के खिलाफ 195 रन बनाए थे, लेकिन पंजाब ने लक्ष्य हासिल कर मुकाबला जीत लिया था। ऐसे में हाई स्कोरिंग मैच की उम्मीद की जा रही है।
मौसम रहेगा साफ
मुंबई में मौसम गर्म रहने वाला है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि 17 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
रोहित शर्मा की वापसी संभव
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में वापसी कर सकते हैं। वह 12 अप्रैल को बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हो गए थे। कप्तान हार्दिक पंड्या ने हाल ही में संकेत दिए थे कि रोहित जल्द मैदान पर लौट सकते हैं।
संभावित प्लेइंग-11
मुंबई इंडियंस:
रायन रिकेल्टन, विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), रॉबिन मिंज, ट्रेंट बोल्ट, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, अल्लाह गजनफर।
लखनऊ सुपर जायंट्स:
ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जार्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी।









