Indore Pistol Theft Case : इंदौर: शहर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मल्हार गार्डन के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने एक बैग पार कर दिया, जिसमें न केवल नकदी थी, बल्कि एक लाइसेंसी पिस्टल और उसका लाइसेंस भी रखा था। हथियार की चोरी होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
रायसेन से शादी में आए थे फरियादी: जानकारी के अनुसार, फरियादी केशव सोनी मूल रूप से रायसेन जिले के छोटा बरेली के निवासी हैं। वे परिवार सहित मल्हार गार्डन में एक विवाह समारोह में शामिल होने इंदौर आए थे। उन्होंने अपनी कार गार्डन के बाहर सुरक्षित समझकर पार्क की थी, लेकिन जब वे कार्यक्रम के बाद वापस लौटे तो वाहन के पीछे का शीशा चकनाचूर मिला और अंदर रखा ब्राउन बैग गायब था।
हथियार की चोरी से बढ़ी चिंता: एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय लाइसेंसी पिस्टल है, क्योंकि किसी अपराधी के हाथ में हथियार का पहुंचना शहर की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।











