CG NEWS: रायगढ़ पुलिस का पुसौर में जन-जागरूकता अभियान: साइबर सुरक्षा से लेकर नशा मुक्ति तक दिया सशक्त संदेश

Sanjay Sahu

रायगढ़ (छत्तीसगढ़): जिले के पुसौर थाना परिसर में रायगढ़ पुलिस द्वारा एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और कानून संबंधी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, डीएसपी उन्नति ठाकुर, प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस और साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

चौपाल से मजबूत हो रहा पुलिस-जन संवाद

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग ही प्रभावी कानून व्यवस्था की नींव है। उन्होंने बताया कि चौपाल के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और उनका त्वरित समाधान किया जा रहा है। बीट सिस्टम को मजबूत करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में बीट आरक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि आम जनता सीधे पुलिस से जुड़ सके।

READ MORE:

साइबर अपराध पर विशेष फोकस

कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से “खौफ–द डिजिटल वार”, “कजरी”, “कोटपा” और “यातना” जैसी जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। एसएसपी ने साइबर ठगी को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए लोगों को अनजान कॉल, लिंक और लालच भरे निवेश प्रस्तावों से दूर रहने की सलाह दी।

उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि पुसौर क्षेत्र के एक रिटायर्ड शिक्षक के साथ हुई डिजिटल ठगी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बेंगलुरु से आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देना जरूरी है।

नशा मुक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी

एसएसपी ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” का जिक्र करते हुए बताया कि एक महीने में 2500 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई कर रही है, लेकिन समाज की जागरूकता और सहभागिता ही इस समस्या का स्थायी समाधान है।

READ MORE:

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और सम्मान

उन्होंने समाज में बुजुर्गों के सम्मान पर जोर देते हुए कहा कि नए कानूनों में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त प्रावधान किए गए हैं। उनके पालन-पोषण से इंकार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की जानकारी

डीएसपी उन्नति ठाकुर ने महिला एवं बाल सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी देते हुए “हेलो सिस्टर” हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और मानव तस्करी जैसे मामलों में पुलिस त्वरित और सख्त कार्रवाई कर रही है।

यातायात नियमों का पालन जरूरी

हाईवे क्षेत्र होने के कारण पुसौर में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में एसएसपी ने वाहन चालकों से गति नियंत्रण, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मानी मोहित सतपथी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, सरपंच और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। इस आयोजन ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और जागरूकता को नई मजबूती दी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *