नई दिल्ली: एयर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 की भयावह दुर्घटना के बाद डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने बड़ा कदम उठाया है। DGCA ने देशभर में एयर इंडिया के बेड़े में शामिल सभी बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों की सख्त तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं। यह व्यापक जांच प्रक्रिया 15 जून रविवार से शुरू की जाएगी। हादसे में फ्लाइट AI-171 के 242 यात्रियों और क्रू में से 241 की दर्दनाक मौत हो गई थी, जब टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद विमान बीजे हॉस्टल की इमारत से टकरा गया। केवल एक यात्री जीवित बच पाया। पायलट ने MAYDAY सिग्नल भेजा था, लेकिन बहुत देर हो चुकी थी। DGCA द्वारा निर्देशित जांच में फ्यूल पैरामीटर मॉनिटरिंग, कैबिन एयर कंप्रेसर सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक इंजन कंट्रोल, इंजन फ्यूल एक्टुएटर, ऑयल और हाइड्रोलिक सिस्टम की जांच प्रमुख रूप से शामिल होगी। इसके अतिरिक्त, टेकऑफ से पहले सभी सुरक्षा पैरामीटर्स की गहन समीक्षा तथा पावर एश्योरेंस चेक और फ्लाइट कंट्रोल इंस्पेक्शन अगले दो हफ्तों में अनिवार्य रूप से किया जाएगा। बीते 15 दिनों में ड्रीमलाइनर विमानों में बार-बार आई तकनीकी गड़बड़ियों के मद्देनजर DGCA ने अब इन खामियों को तत्काल दुरुस्त करने का सख्त आदेश दिया है। यह कदम हवाई सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

