M.P News : शाजापुर में भीषण सड़क हादसा! खड़े कंटेनर से टकराई कार, एक ही परिवार के 3 लोग घायल

Rahul Goshwami

शाजापुर: मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में स्टेट हाईवे-41 पर देर रात एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। सलसलाई थाना क्षेत्र के मदाना जोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े कंटेनर से जा टकराई, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

देर रात हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुआ। जीरापुर से सिद्धिगंज की ओर जा रही बलेनो कार अचानक सड़क पर खड़े कंटेनर के पिछले हिस्से में घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुल गए, बावजूद इसके वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कंटेनर के नीचे फंस गया।

Read more : M.P News : मऊगंज में ‘पॉकेट गवाह’ मामला- एक ही लोगों को बार-बार गवाह बनाने के आरोप, जांच में पुलिस

कंटेनर चालक की लापरवाही सामने आई

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंटेनर चालक वाहन को बीच सड़क पर खड़ा कर पानी पीने चला गया था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार सीधे कंटेनर से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए घायल

कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायल जीरापुर निवासी बताए जा रहे हैं, जिनमें जगदीश प्रसाद झावा, इंदिरा झावा और महेश झावा शामिल हैं। तीनों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम के आरक्षक दिनेश भाबर और पायलट आदिल शेख मौके पर पहुंचे। इसके बाद एएसआई रमेश चंद्र चौहान सहित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

कंटेनर चालक फरार, तलाश जारी

हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *