Smartphone Explosion MP : सुनील शर्मा/सीहोर। शहर के स्थानीय निवासी अरविंद साहू अपनी दुकान पर रोजमर्रा की तरह काम कर रहे थे, तभी अचानक उनकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल तेज गर्म होने लगा। अरविंद को जैसे ही जलन का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत जेब से मोबाइल निकाला। मोबाइल से धुआं निकलता देख वह घबरा गए और उसे फौरन दुकान से बाहर सड़क पर फेंक दिया।
पटाखे की तरह हुआ धमाका: जैसे ही मोबाइल जमीन पर गिरा, वह किसी शक्तिशाली पटाखे की तरह तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि मोबाइल के टुकड़े-टुकड़े होकर हवा में बिखर गए। यदि अरविंद इसे निकालने में चंद सेकंड की भी देरी करते, तो वह गंभीर रूप से घायल हो सकते थे। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर भी सहम गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
बढ़ती गर्मी और तकनीक पर सवाल: अचानक हुई इस घटना ने स्मार्टफोन की सुरक्षा और उनकी बैटरी क्वालिटी पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अरविंद साहू ने बताया कि मोबाइल अचानक से गर्म हुआ और बिना किसी चेतावनी के उससे धुआं निकलने लगा। इस घटना ने साबित कर दिया है कि जेब में रखा मोबाइल कभी भी खतरनाक साबित हो सकता है।












