Singrauli News: सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र से एक बार फिर लापरवाही की चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। वर्षों से निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-39 पर बने अधूरे पुल से तेज रफ्तार हाईवा वाहन टकरा गया, जिससे वाहन पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पुल का केवल एक हिस्सा ही तैयार किया गया है, जबकि दूसरा हिस्सा कई वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि मौके पर न तो चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के लिए बैरिकेड की व्यवस्था है। अंधेरे या तेज रफ्तार में आने वाले वाहन चालकों को अधूरे पुल का अंदाजा तक नहीं लग पाता, जिसके चलते लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन न तो निर्माण एजेंसी ने सुधार किया और न ही संबंधित विभागों ने ठोस कदम उठाए। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर कब तक अधूरा हाईवे लोगों की जान से खिलवाड़ करता रहेगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग की जाए और अधूरे पुल का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।













