रीवा। शहर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बुधवार तड़के करीब 4 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने अस्पताल की आखिरी मंजिल (छत) से कूदने का प्रयास किया। गनीमत रही कि अस्पताल में मौजूद महिला गार्ड की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
बताया गया है कि युवती जैसे ही कूदने का प्रयास कर रही थी, ड्यूटी पर मौजूद महिला सुरक्षाकर्मी ने उसे तुरंत पकड़ लिया और सुरक्षित रूप से नीचे उतार लिया। इस घटना में युवती अपने प्रयास में सफल नहीं हो पाई और उसकी जान बच गई।
घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला गार्ड की बहादुरी की सराहना की जा रही है। युवती ने किस कारण से यह कदम उठाया, इसकी जांच अस्पताल प्रशासन और पुलिस द्वारा की जा रही है।











