निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के रीवा शहर में गैस एजेंसी से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने पूरे मामले की पोल खोल दी है, जिसमें एजेंसी के गोदाम के अंदर ही अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है।
वायरल वीडियो से खुली सच्चाई
जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति ने गैस गोदाम के अंदर चल रहे इस अवैध काम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कर्मचारी खाली सिलेंडरों में गैस भर रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है।
कम गैस देकर उपभोक्ताओं से ठगी
आरोप है कि एजेंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं से मनमाने दाम वसूल रहे थे और निर्धारित वजन से 1 से 2 किलो कम गैस देकर ठगी कर रहे थे। इतना ही नहीं, ये अवैध रूप से भरे गए सिलेंडर महंगे दामों पर होटलों और अन्य जगहों पर भी सप्लाई किए जा रहे थे।
आपदा में अवसर का खेल
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के कारण देशभर में गैस की किल्लत की खबरों के बीच, आरोपियों ने इस स्थिति का फायदा उठाते हुए अवैध कारोबार शुरू कर दिया। इससे उपभोक्ताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
Read More : M.P News : चित्रकूट के पूर्व बसपा विधायक गणेश बारी का रीवा में निधन, लंबे समय से थे बीमार
कार्रवाई के बाद कर्मचारियों को हटाया गया
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एजेंसी संचालक ने वीडियो में दिखाई दे रहे दो कर्मचारियों को काम से हटा दिया है। हालांकि, पूरे मामले में एजेंसी की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस घटना ने एक बार फिर उपभोक्ता सुरक्षा और गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे आम लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।











