Friday, August 21, 2026
Home Madhya Pradesh Ratlam Crime Update: रतलाम में चोरी की डबल वारदात: औद्योगिक क्षेत्र पुलिस...

Ratlam Crime Update: रतलाम में चोरी की डबल वारदात: औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने किया 12 लाख की चोरी का खुलासा, उधर सैलाना के मुख्य बाजार में ज्वेलरी दुकान से लाखों के जेवर गायब

Ratlam Crime Update: रतलाम। रतलाम जिला पुलिस को अपराध नियंत्रण और चोरियों के मामलों में एक तरफ जहां बड़ी सफलता हाथ लगी है, वहीं दूसरी तरफ जिले के सैलाना कस्बे में हुई एक अन्य दुस्साहसिक वारदात ने पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दी है। पहली कार्रवाई में रतलाम की औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विगत दिनों हुई ₹12 लाख से अधिक की हाईप्रोफाइल चोरी का सनसनीखेज खुलासा कर एक शातिर आरोपी को शत्-प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरी घटना में जिले के सैलाना नगर के व्यस्ततम मुख्य बाजार में अज्ञात बदमाशों ने एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी दुकान के ताले चटकाकर करीब 5 किलो चांदी और सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया, जिससे स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मामला 1: अष्टापक कॉलोनी में हुई 12 लाख की चोरी का खुलासा, आरोपी सूरज दबोचा गया

औद्योगिक क्षेत्र थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 16 मई को फरियादी पूनम चंद (61 वर्ष, निवासी ग्राम सेमल खेड़ा, हाल मुकाम अष्टापक कॉलोनी, सफायर स्कूल के पास, बरबड़ रतलाम) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर तिजोरी में रखे एक सोने का हार, कान के सोने के लोंग, सोने की बोर, 3 मोबाइल फोन और ₹30,000 नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अजय सारवान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले।

तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक सूरज उर्फ सुरेश पिता अमर सिंह चारेल (निवासी सिमलावदा, थाना बिलपांक, हाल मुकाम छत्रीपुल रतलाम) को हिरासत में लिया। पुलिस द्वारा की गई मनोवैज्ञानिक और गहन पूछताछ में आरोपी ने अष्टापक कॉलोनी में चोरी करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का हार, कान के लोंग और कुल 4 मोबाइल फोन समेत करीब 12 लाख रुपए का शत-प्रतिशत मशरुका बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 2: सैलाना के सदर बाजार में ‘शत्रुंजय ज्वेलर्स’ के टूटे ताले, पुलिस गश्त पर सवाल

जिले में एक तरफ पुलिस सफलता का जश्न मना ही रही थी कि बीती रात करीब तीन बजे सैलाना नगर के मुख्य बाजार (सदर बाजार) में स्थित ‘शत्रुंजय ज्वेलर्स’ में बड़ी चोरी की वारदात हो गई। भारतीय स्टेट बैंक और बड़े जैन मंदिर के समीप स्थित इस दुकान के संचालक अनिल चंडालिया रोज की तरह दुकान बंद कर घर गए थे। आज सुबह जब बड़ा जैन मंदिर के पुजारी गोपाल बैरागी (निवासी बोदीना) हमेशा की तरह मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने दुकान का शटर आधा खुला हुआ देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना संचालक चंडालिया को दी।

दुकान संचालक जब मौके पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। दुकान के कटे हुए ताले पास की गली में फेंके हुए थे और अंदर तिजोरी व काउंटर का सामान बिखरा पड़ा था। संचालक के मुताबिक शातिर चोर दुकान से करीब 5 किलोग्राम से अधिक चांदी के और 15 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं, जिसकी कीमत लाखों रुपये है। मुख्य बाजार और बैंक-मंदिर जैसे सुरक्षित क्षेत्र में हुई इस वारदात ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा

सैलाना में व्यस्त बाजार के भीतर हुई इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही सैलाना थाना पुलिस के सब इंस्पेक्टर (SI) शंकरसिंह शक्तावत और आरक्षक तूफान भूरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) सुश्री नीलम बघेल ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एसडीओपी नीलम बघेल ने पीड़ित व्यापारी को ढांढस बंधाते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। जैन मंदिर और एसबीआई बैंक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि औद्योगिक क्षेत्र की तर्ज पर ही सैलाना की इस चोरी का भी बहुत जल्द खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here