Rape Case Advocate Arrested : इंदौर : इंदौर की आजाद नगर थाना पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए दुष्कर्म के एक हाई-प्रोफाइल मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंदसौर के रहने वाले एक वकील परवेज को गिरफ्तार किया है, जिस पर शादी का झूठा वादा कर एक युवती का लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप है।
3 साल का रिलेशनशिप और आपत्तिजनक वीडियो
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी परवेज पिछले तीन वर्षों से उसके साथ रिलेशनशिप में था। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता के कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी गुपचुप तरीके से रिकॉर्ड कर लिए थे, जिनके आधार पर वह उसे दबाव में रखता था।
शादी की बात आते ही बदला रंग
विवाद तब शुरू हुआ जब पीड़िता के परिवार ने आरोपी परवेज के परिवार से शादी को लेकर औपचारिक चर्चा करनी चाही। इस पर आरोपी और उसके परिजनों ने साफ तौर पर इनकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए पीड़िता ने आजाद नगर थाने की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने तुरंत जांच के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम ने मंदसौर से आरोपी को धर दबोचा।
कानून का जानकार ही बना गुनहगार
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी परवेज पेशे से वकील है और उसका परिवार भी कानूनी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। कानून का जानकार होने के बावजूद उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शादी का झूठा वादा कर संबंध बनाने (दुष्कर्म) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
कृष्ण लालचंदानी, डीसीपी, इंदौर
“पीड़िता की शिकायत पर हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी परवेज को मंदसौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर पीड़िता का शोषण किया और उसके आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए थे। हम मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।”











