Raipur Crime: नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लिए, थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र; जेल में बंद कृष्णा अवस्थी पर एक और FIR

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में जेल में बंद बलौदाबाजार भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के खिलाफ रायपुर में एक और मामला दर्ज हुआ है। तेलीबांधा पुलिस ने शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लेने और बदले में फर्जी नियुक्ति पत्र देने के आरोप में FIR दर्ज की है।

पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान एक गवाह से पूछताछ में कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया।

डाटा एंट्री ऑपरेटर पद का दिया फर्जी नियुक्ति पत्र

 

पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी विनोद कुमार वर्मा ने शिकायत की थी कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल किया गया।

शिकायत के बाद पुलिस ने नियुक्ति पत्र समेत अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसी दौरान कसडोल निवासी हेमंत साहू से पूछताछ की गई।

पूछताछ में सामने आया कृष्णा अवस्थी का नाम

पुलिस के मुताबिक, हेमंत साहू से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया। जांच में आरोप है कि कृष्णा अवस्थी ने हेमंत साहू से शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपये लिए थे।

पुलिस का कहना है कि रकम लेने के बाद हेमंत साहू को कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया गया। फिलहाल पुलिस नियुक्ति पत्र, अन्य दस्तावेजों और संबंधित साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पहले से दूसरे मामले में जेल में बंद है आरोपी

कृष्णा अवस्थी फिलहाल पलारी थाने में दर्ज एक अन्य मामले में न्यायिक अभिरक्षा में है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में उसके खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज है।

इस मामले में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर सरकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने का आरोप है। पुलिस ने कृष्णा अवस्थी, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

कोर्ट की अनुमति के बाद होगी पूछताछ

तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, कृष्णा अवस्थी वर्तमान में दूसरे मामले में जेल में है। इसलिए नए मामले में पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय से अनुमति ली जाएगी। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद पुलिस नियमानुसार पूछताछ करेगी।

Raipur Crime: फर्जी नियुक्ति पत्र बनाने वालों की भी जांच

Raipur Crime: पुलिस अब फर्जी नियुक्ति पत्र और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *