Raipur Crime: रायपुर में चाकू की नोंक पर राहगीरों से लूट, 5 आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार; एक्टिवा-कैटीएम बाइक जब्त

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती और टिकरापारा थाना क्षेत्र में राहगीरों को डराकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और केटीएम बाइक जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर 2026 की सुबह पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में महामाई फैंसी स्टोर्स के पास एक व्यक्ति को बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया और जेब में रखे 2 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। शिकायत के बाद पुरानी बस्ती थाने में बीएनएस की धारा 309(2), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इसी दिन टिकरापारा थाना क्षेत्र के मठपारा स्थित दुर्गा चौक के पास भी लूट की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, छह आरोपियों ने चाकू दिखाकर एक व्यक्ति से मोबाइल फोन और 1,900 रुपये नकद लूट लिए। इस मामले में टिकरापारा थाने में बीएनएस की धारा 310(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पीड़ितों से आरोपियों के हुलिए, वाहनों और वारदात के तरीके की जानकारी भी जुटाई गई।

तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी, डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू, रितेश विश्वास, भवम साहू, सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन और एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी बस्ती की लूट में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में टिकरापारा की वारदात में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक्टिवा क्रमांक CG 04 LH 5812 और बिना नंबर की केटीएम बाइक जब्त की है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

दो आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के मुताबिक, गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी पूर्व में कोतवाली थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। वहीं डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू भी टिकरापारा थाने के एक मामले में जेल जा चुका है।

Raipur Crime: गिरफ्तार आरोपियों में गजेन्द्र यादव उर्फ गोल्डी (21), डिगेन्द्र ध्रुव उर्फ बब्बू (19), रितेश विश्वास (32), भवम साहू (21), सुभेद कुमार हुमने उर्फ सुमेन (19) और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य लूट या आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।

 

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *