Raigarh News: दीपावली पर ट्रैफिक प्लान जारी, शहर के इन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध; 5 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था

Sanjay Sahu
Raigarh News

Raigarh News: गौरी शंकर गुप्ता /रायगढ़। दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जिला मुख्यालय में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के कुछ मार्गों को एकांगी मार्ग घोषित किया गया है, जबकि कई स्थानों पर डायवर्सन और चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही बाजार आने वाले ग्राहकों के लिए पांच स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस ने व्यापारी बंधुओं, गणमान्य नागरिकों और ग्राहकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

व्यापारियों के लिए यातायात पुलिस की 4 जरूरी अपील

यातायात पुलिस ने सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने वालंटियर या गार्ड तैनात करने की अपील की है, ताकि अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा दुकानों का सामान सड़क पर बाहर निकालकर प्रदर्शन नहीं करने, कर्मचारियों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाने और सुरक्षा के लिहाज से प्रतिष्ठानों के सामने अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

इन 5 जगहों पर होगी पार्किंग की व्यवस्था

बाजार में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों के लिए यातायात विभाग ने पांच अस्थायी पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

1. सावड़िया भवन प्रांगण
2. गांधी गंज परिसर
3. रामलीला मैदान
4. नगर निगम कॉम्प्लेक्स (पुराना जिला शिक्षा कार्यालय)
5. श्याम टॉकीज परिसर

पुलिस ने व्यापारियों से ग्राहकों को इन पार्किंग स्थलों की जानकारी देने की अपील की है।

शहर के इन रास्तों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित

यातायात के सुचारु संचालन के लिए कुछ मार्गों पर एकांगी यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इन मार्गों पर निर्धारित दिशा में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

1. हण्डी चौक से हटरी चौक मार्ग।
2. केवड़ाबाड़ी चौक से हटरी चौक मार्ग।
3. गौरीशंकर मंदिर तिराहा से न्यू मार्केट तिराहा।
4. मालधक्का तिराहा से गांधी प्रतिमा तिराहा।

इन 5 स्थानों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन

यातायात पुलिस ने शहर में भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए पांच डायवर्सन पॉइंट निर्धारित किए हैं।

1. गांधी प्रतिमा
2. रेलवे स्टेशन चौक
3. शहीद चौक
4. गोगा राइस मिल
5. गद्दी चौक

इन स्थानों पर चारपहिया वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद

दीपावली के दौरान बाजार क्षेत्र में भीड़ को देखते हुए पांच स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

1. गांधी प्रतिमा
2. गोगा राइस मिल
3. हण्डी चौक
4. सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक)
5. गद्दी चौक

Raigarh News: यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि दीपावली के दौरान बाजारों में जाम की स्थिति न बने और सभी लोग सुरक्षित तरीके से खरीदारी कर सकें।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *