रीवा: पूरे प्रदेश में आज विजयदशमी का पर्व बड़े उत्साह और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में रीवा पुलिस लाइन में भी शस्त्र पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शिरकत की और सभी प्रदेशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी।
रीवा पुलिस लाइन में सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ उपमुख्यमंत्री ने विधि-विधानपूर्वक शस्त्र पूजन किया। इस दौरान रीवा पुलिस अधीक्षक, ज़िला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता, मंगवा विधायक नरेंद्र प्रजापति सहित तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। शस्त्र पूजा की यह परंपरा इस पुलिस लाइन में दूसरे वर्ष लगातार आयोजित की गई।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा, “विजयदशमी का पर्व असत्य पर सत्य की, अधर्म पर धर्म की और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। इस दिन शास्त्रों और शस्त्रों दोनों की पूजा की जाती है। हमें एकजुटता और संकल्प के साथ प्रदेश में शांति व सुरक्षा बनाए रखनी चाहिए।”
राजेंद्र शुक्ल, उपमुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश: “विजयदशमी का पर्व हमारी संस्कृति और देशभक्ति की भावना को जीवित रखने का प्रतीक है। शस्त्र पूजन हमें अपने कर्तव्य और समाज सेवा की याद दिलाता है।”











