Tuesday, August 18, 2026
Home Chhattisgarh कुम्हारी टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों में…..

कुम्हारी टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों में…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पास स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों में घिर गया है। यहां अवैध वसूली के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है और अब यह मामला गंभीर राजनीतिक मोड़ पर आ गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस टोल प्लाजा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए इसे जनता के शोषण का अड्डा करार दिया है। उन्होंने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के 10 सांसदों और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी।

पत्र लिखने के बाद उपाध्याय ने इस मुद्दे को लेकर जमकर प्रदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर लोगों से गैरकानूनी रूप से शुल्क वसूला जा रहा है, जबकि सड़क की स्थिति और सेवाएं बेहद खराब हैं।

“जनता से जबरन वसूली बर्दाश्त नहीं” — विकास उपाध्याय

पूर्व विधायक का कहना है कि कुम्हारी टोल प्लाजा पर नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और टोल कंपनी की मिलीभगत से यह अवैध वसूली चल रही है।

उपाध्याय ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो वह राज्यस्तरीय आंदोलन करेंगे और यह मामला संसद तक उठाया जाएगा।

विपक्ष पर भी निशाना

उन्होंने भाजपा पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि “जनता की गाढ़ी कमाई को लूटा जा रहा है और भाजपा सांसद चुप बैठे हैं।” उन्होंने सवाल किया कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार है तो जनहित के इस मुद्दे पर चुप्पी क्यों?

अब देखना होगा कि प्रशासन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या कुम्हारी टोल प्लाजा पर कार्रवाई होती है या नहीं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here