रायपुर – स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में, जवाहर नगर मंडल ने आज शाम ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना था।
शारदा चौक स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के सामने से शुरू हुई इस यात्रा में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) के अध्यक्ष केदार नाथ गुप्ता, जवाहर नगर मंडल के अध्यक्ष संदीप जघेल, और बड़ी संख्या में युवा मोर्चा व महिला मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी यात्रा
यह यात्रा शारदा चौक से शुरू होकर एमजी रोड, गुरुनानक चौक, राठौर चौक, रामसागर पारा, बढ़ई पारा और ललिता चौक होते हुए वापस शारदा चौक पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए और लोगों को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
यात्रा के प्रमुख प्रतिनिधि केदार नाथ गुप्ता ने कहा, “तिरंगा अभियान भारत की समृद्धि, सामर्थ्य और सम्मान का प्रतीक है। इस अभियान का उद्देश्य हर नागरिक के मन में राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाना है।”
इस आयोजन में इंदिरा गांधी वार्ड के पार्षद अवतार सिंह बागल, जोन 7 की अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश पांडे, उपाध्यक्ष असगर अली, मनोज विश्वकर्मा, युवा मोर्चा से अर्पित सूर्यवंशी, भरत कुंडे, और महिला मोर्चा से गीता रेड्डी, नीलू तलमेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।














