जबलपुर। नगर निगम में पदस्थ सफाई कर्मियों को चार माह से वेतन न मिलने पर कांग्रेसियों ने शुक्रवार को नगर निगम जोन-10 कार्यालय के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुए इस धरने में बड़ी संख्या में सफाई कर्मी शामिल हुए और कांग्रेस नेताओं के साथ मिलकर जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने निगम अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए 24 घंटे के भीतर लंबित वेतन जारी करने की मांग की। कांग्रेस नेता राजेश यादव ने कहा कि स्वच्छता अभियान में जबलपुर ने देश में सातवां स्थान हासिल किया है, जिसमें सफाई कर्मियों की सबसे बड़ी भूमिका रही है। लेकिन विडंबना यह है कि स्वच्छता रैंकिंग के जश्न के बीच सफाई कर्मी चार माह से वेतन न मिलने की वजह से परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो गए हैं।
Read News : Jabalpur News : जबलपुर में अवैध हथियारों का कारोबार करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 पिस्टल और कारतूस बरामद
राजेश यादव ने आरोप लगाया कि निगम अधिकारी और भाजपा जनप्रतिनिधि आंखों पर पट्टी बांधकर बैठे हैं और सफाई कर्मियों की समस्याओं को अनदेखा कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर सफाई कर्मियों का वेतन जारी नहीं किया गया, तो कांग्रेस नगर निगम कमिश्नर का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी।













