Jabalpur News : जबलपुर : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के ‘शराबी महिलाओं’ वाले बयान पर विवाद थम नहीं रहा है। अब जबलपुर में कांग्रेस के पूर्व पार्षद शाबान मंसूरी ने फेसबुक पर एक और आपत्तिजनक टिप्पणी करके मामले को और भड़का दिया है। बीजेपी नेताओं की शिकायत के बाद मंसूरी के खिलाफ घमापुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
Jabalpur News : क्या है पूरा मामला?
हाल ही में, पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक विवादित बयान देते हुए महिलाओं को ‘शराबी’ बताया था। उनके इस बयान की बीजेपी के पूर्व नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर ने सोशल मीडिया पर आलोचना की थी।
इसी पोस्ट पर, कांग्रेस के पूर्व पार्षद शाबान मंसूरी ने एक आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए लिखा, “क्या तीजा वाले दिन तुम्हारी मां-बहनें भी पीती हैं शराब… तुम्हारी मां-बहनें शराब पीती हैं इसलिए बुरा लग रहा है।”
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
मंसूरी की इस टिप्पणी से बीजेपी नेता भड़क गए और उन्होंने तुरंत घमापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस के पूर्व पार्षद शाबान मंसूरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 197 और 299 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।













