निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक टैक्सी ड्राइवर ने कथित पुलिस उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अभिषेक पाटिल के रूप में हुई है, जो राऊ थाना क्षेत्र के पलाश परिसर में किराए के फ्लैट में रह रहा था।
एक्सीडेंट के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात अभिषेक की टैक्सी एक कार से टकरा गई थी। बताया जा रहा है कि सामने चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे चल रही टैक्सी उससे जा भिड़ी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अभिषेक को गाड़ी सहित थाने ले जाया गया।
Read more : M.P Crime : रीवा- नशे में पति बना दरिंदा! पत्नी के गले और पेट पर किए कई वार, हालत नाजुक
रिश्वत और मारपीट के आरोप
अभिषेक ने सुसाइड से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपने परिजनों को भेजा, जिसमें उसने राजेंद्र नगर थाने में पदस्थ SI मनोहर पाल पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उसने दावा किया कि गाड़ी छोड़ने के एवज में उससे 50 हजार रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर उसके साथ मारपीट की गई और जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
वीडियो में सामने आई पूरी कहानी
वीडियो में अभिषेक ने यह भी बताया कि थाने के अन्य पुलिसकर्मियों का व्यवहार सामान्य था, लेकिन संबंधित SI का रवैया बेहद खराब था। उसने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष की गाड़ी को SI ने पहचान के आधार पर छोड़ दिया।
CCTV जांच की मांग
अभिषेक ने अपने वीडियो में कहा कि यदि थाने की CCTV फुटेज की जांच की जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है। उसने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष के ड्राइवर ने उससे 25 हजार रुपये की मांग की थी, जिसे उसने मरम्मत कराने का प्रस्ताव दिया था।
पुलिस कार्रवाई और जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी SI मनोहर पाल को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।











