निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। कुंदन नगर स्थित वाइन शॉप के पास एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
घटना देर रात की बताई जा रही है, जब पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ा हुआ है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
सूचना मिलते ही एफआरवी 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद मामला हत्या में तब्दील हो गया।
‘ॐ’ का टैटू बना पहचान का सुराग
मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस के सामने जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है। हालांकि युवक के हाथ पर गुदा ‘ॐ’ का निशान एक अहम सुराग के रूप में सामने आया है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और कॉलोनियों में भी पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान जल्द से जल्द की जा सके।
Read more : संगीत जगत को बड़ा झटका! लेजेंडरी सिंगर आशा भोसले नहीं रहीं, 92 साल की उम्र में निधन
शराब पार्टी के दौरान बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जांच में जो जानकारी सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है। बताया जा रहा है कि युवक अपने कुछ साथियों के साथ पास के एक खाली मैदान में बैठकर शराब पी रहा था।
इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि युवक के साथियों ने ही उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।जांच टीम इलाके के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।











