Illegal Weapon Reel : रीवा में ‘हुकुम’ का खौफनाक शौक: सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर पुलिस को दी चुनौती; बोला- “नाम ही काफी है”

0
115

 Illegal Weapon Reel : रीवा (विकास बघेल)। विंध्य की धरती पर अपराधी अब बेखौफ होकर न केवल अवैध हथियारों का प्रदर्शन कर रहे हैं, बल्कि खाकी को खुलेआम चुनौती भी दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर 19 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हाथ में कट्टा लेकर सिस्टम का मजाक उड़ाते नजर आ रहा है। खुद को अर्पित ठाकुर उर्फ ‘हुकुम’ बताने वाले इस युवक ने वीडियो में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए शहर में अपनी दहशत फैलाने की कोशिश की है।

वीडियो में ‘फायरिंग’ का तरीका सिखा रहा बदमाश

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हाथ में एक अवैध कट्टा लिए हुए है। वह न केवल हथियार का प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि उसे खोलकर उसमें कारतूस भरने और हवा में फायर करने का तरीका भी बता रहा है। वीडियो के दौरान वह अहंकार के साथ कहता है, “रीवा शहर में बस नाम ही काफी है ‘हुकुम’… इस नाम से तो प्रशासन भी परेशान है।”

‘रील’ के जरिए ‘भौकाल’ जमाने की कोशिश

रीवा में अवैध हथियारों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया यूजर्स के बीच खौफ पैदा करने का यह कोई पहला मामला नहीं है।

  • पुरानी घटनाएं: इससे पहले भी कई ऐसे वीडियो सामने आए हैं जहाँ असामाजिक तत्वों ने फायरिंग करते हुए वीडियो डाले हैं।

  • पुलिस की कार्रवाई: हालांकि रीवा पुलिस ने पूर्व में ऐसे कई ‘रीलबाजों’ को सलाखों के पीछे भेजा है और उनके ‘भौकाल’ को शांत किया है, लेकिन अर्पित ठाकुर जैसे तत्व अभी भी कानून व्यवस्था के लिए सिरदर्द बने हुए हैं।

पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस ‘हुकुम’ नाम के युवक पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहर की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को कड़ा सबक मिल सके। फिलहाल साइबर सेल और स्थानीय पुलिस वीडियो के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here