आतंकी हमले में जान गंवाने वाले व्यवसायी के परिवार को हीरा ग्रुप ने दी 21 लाख की मदद

Parivesh

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के बैसरन (पहलगाम) में हुए आतंकी हमले में जान गवाने वाले रायपुर के व्यवसायी दिनेश मिरानिया के परिवार को अब हीरा ग्रुप ने आर्थिक मदद दी है। समूह की प्रमुख कंपनी गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड (GPIL) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत 21 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

यह सहायता दिनेश मिरानिया के दोनों बच्चों की शिक्षा और भविष्य की जरूरतों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से दी जा रही है। कंपनी का कहना है कि यह राशि बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों पर विशेष रूप से खर्च की जाएगी, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल और स्थिर बना रहे।

संवेदनशील CSR का उदाहरण
हीरा ग्रुप की इस पहल को रायपुर में सामाजिक ज़िम्मेदारी की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है। यह केवल एक वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि शोक में डूबे परिवार के साथ खड़े होने की एक संवेदनशील कोशिश भी है।

मालूम हो कि दिनेश मिरानिया जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर थे, जहां आतंकियों ने बैसरन इलाके में उनकी नृशंस हत्या कर दी थी। घटना ने रायपुर सहित पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया था। अब हीरा ग्रुप की मानवीय पहल ने इस दुख की घड़ी में एक उम्मीद की किरण दी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *