निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत संविदा आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती के तहत लेखा सह एमआईएस सहायक के एक अनारक्षित पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 1 अप्रैल 2026 से 20 अप्रैल 2026 तक शाम 5:30 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया गूगल फॉर्म के माध्यम से पूरी की जाएगी। आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी और लिंक जिला गरियाबंद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
Read More : C.G Weather : छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न, आंधी-बारिश से राहत! लेकिन…
योग्यता और अनुभव जरूरी
इस पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से वाणिज्य (कॉमर्स) विषय में स्नातक होना अनिवार्य है। साथ ही, कंप्यूटर में एक वर्षीय डिप्लोमा भी जरूरी रखा गया है। जिन अभ्यर्थियों के पास टैली सर्टिफिकेट होगा, उन्हें चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा लेखा कार्य में कम से कम दो साल का अनुभव होना आवश्यक है।
मेरिट के आधार पर होगा चयन
इस भर्ती में किसी प्रकार की लिखित परीक्षा नहीं होगी। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाएगा। कुल 100 अंकों के मूल्यांकन में दसवीं, बारहवीं और स्नातक के अंक, कार्यानुभव और स्किल टेस्ट को शामिल किया जाएगा।
सैलरी और अन्य जानकारी
चयनित अभ्यर्थी को प्रतिमाह 23,350 रुपये का एकमुश्त वेतन दिया जाएगा। यह नियुक्ति संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर होगी। सीमित पद होने के कारण इस भर्ती में प्रतिस्पर्धा काफी अधिक रहने की संभावना है।











