Rewa Silver Theft Case : रीवा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई सर्राफा चोरी का पुलिस ने दिलचस्प खुलासा किया है। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए चेहरा तो बांधा था, लेकिन गुटखा खाने की लत ने उनकी सारी चालाकी पर पानी फेर दिया। गुटखा थूकने और खाने के लिए चंद सेकंड के लिए चेहरा खोलना आरोपियों को भारी पड़ गया और वे सीसीटीवी (CCTV) में कैद हो गए।
वारदात का विवरण: 6 जनवरी की शाम, उपरहटी निवासी सर्राफा व्यापारी विनोद कुमार खंडेलवाल जब घर बंद कर सामान लेने निकले, तभी बदमाशों ने सूने घर का फायदा उठाकर दुकान में हाथ साफ कर दिया। बदमाश वहां रखे चांदी के कीमती जेवर लेकर फरार हो गए थे। भागते समय कुछ जेवर रास्ते में गिर भी गए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू की।
कैसे पकड़े गए आरोपी? एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने रूट के दर्जनों सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक फुटेज में वारदात से ठीक पहले मुख्य आरोपी राजेश सोनी अपना नकाब हटाकर गुटखा खाते हुए नजर आ गया। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी चिराग बाधवानी उर्फ चिकू का नाम भी उगल दिया। पुलिस ने दोनों के पास से करीब 3 लाख रुपये कीमत के जेवर बरामद कर लिए हैं।













