Chhattisgarh Weather: अक्टूबर में भी गर्मी का सितम जारी, मानसून की विदाई के साथ चढ़ने लगा पारा; जानें मौसम का हाल

News Desk

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की वापसी के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल बारिश होना बंद हो गई हैं और आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। फिलहाल विभाग ने प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही कई शहरों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है।

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। ऐसे में दिन के समय गर्मी का एहसास बढ़ सकता है, जबकि सुबह और रात के वक्त तापमान अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।

राजनांदगांव सबसे गर्म

बीते 24 घंटों के दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। दूसरी ओर, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का तापमान अब भी ऊंचा बना हुआ है।

मानसून की वापसी?

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़ और बीजापुर समेत कई स्थानों से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से चार दिनों में पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत और उत्तरी प्रायद्वीप के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां बन रहीं हैं।

मौसमी सिस्टम का कितना असर?

फिलहाल पश्चिमी असम से तेलंगाना तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जो छत्तीसगढ़ समेत कई क्षेत्रों से होकर गुजर रही है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इन मौसमी प्रणालियों के बावजूद छत्तीसगढ़ में बहुत बारिश के संकेत नहीं हैं। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है, जबकि बाद में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *