रायपुर : छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को एक बार फिर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रेलवे ने तीसरी और चौथी रेल लाइन को जोड़ने के कार्य के चलते छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 14 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। यह काम महाराष्ट्र के तुमसर रोड यार्ड में राजनांदगांव-नागपुर रेल सेक्शन पर किया जा रहा है। रेलवे की ओर से 24 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा।
लोकल यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
इस रेल ब्लॉक का सीधा असर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। खासतौर पर MEMU और पैसेंजर ट्रेनों के रद्द होने से ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और ग्रामीण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। रेलवे के अनुसार सात दिन तक 14 गाड़ियां पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में समाप्त किया जाएगा और कुछ अपने निर्धारित समय से देरी से चलेंगी।
24 से 31 जनवरी तक रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
रेलवे ने बताया कि 24 से 31 जनवरी 2026 के बीच तुमसर रोड-तिरोडी, तिरोडी-तुमसर रोड, इतवारी-तिरोडी, बालाघाट-इतवारी-तिरोडी MEMU समेत कई लोकल ट्रेनें नहीं चलेंगी। इसके अलावा 28 से 31 जनवरी तक दुर्ग-गोंदिया, गोंदिया-दुर्ग, डोंगरगढ़-गोंदिया और इतवारी-गोंदिया MEMU सेवाएं भी रद्द रहेंगी।
Read More : भोपाल: महाराष्ट्र की फैक्ट्री में भोपाल के 7 मजदूर बंधक, दो निकले भाग, 5 अब भी फंसे
रेलवे का क्या है तर्क
रेलवे प्रशासन का कहना है कि तीसरी रेल लाइन के जुड़ने से भविष्य में ट्रेनों की आवाजाही सुचारू होगी और यात्री सुविधाएं बेहतर होंगी। यह कार्य लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन को भी आसान बनाएगा। हालांकि, फिलहाल इस काम के कारण यात्रियों को अस्थायी परेशानी झेलनी पड़ेगी।
यात्रियों को दी गई सलाह
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें। वैकल्पिक ट्रेनों या अन्य साधनों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। रेलवे स्टेशनों पर सूचना बोर्ड और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपडेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
काम पूरा होते ही मिलेगी राहत
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा में काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य होने की उम्मीद है और यात्रियों को लंबे समय के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।











