Wednesday, September 30, 2026
Home Chhattisgarh CG Teacher Suspension : गरियाबंद पीएमश्री स्कूल में भारी बवाल: छात्रों ने...

CG Teacher Suspension : गरियाबंद पीएमश्री स्कूल में भारी बवाल: छात्रों ने सड़क पर उतरकर की नारेबाजी, प्राचार्या वंदना पांडेय पद से हटीं

CG Teacher Suspension : गरियाबंद (09 फरवरी 2026): गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री स्कूल में जारी अव्यवस्थाओं और शिक्षकों के आपसी विवाद का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को स्कूल की पढ़ाई छोड़ सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुँच गए। छात्रों के भारी विरोध और आक्रोश को देखते हुए कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने प्राचार्या वंदना पांडेय को उनके पद से हटाकर डीईओ कार्यालय में अटैच कर दिया है।

पढ़ाई छोड़ कलेक्टोरेट पहुँचे छात्र

सोमवार की दोपहर स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब छात्रों ने रैलियों की शक्ल में कलेक्टोरेट की ओर कूच कर दिया। छात्र ‘प्राचार्या हटाओ’ के नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लैब और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं की भारी कमी है, जिसके चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों का असंतोष वंदना पांडेय की दोबारा बहाली के बाद से और अधिक बढ़ गया था।

शिक्षकों का विवाद और रील्स का शौक

डीईओ जगजीत सिंह धीर ने न केवल प्राचार्या पर कार्रवाई की, बल्कि स्कूल में अनुशासनहीनता फैलाने वाली ‘रीलबज’ शिक्षिकाओं पर भी नकेल कसी है। स्कूल परिसर में शैक्षणिक कार्यों के बजाय वीडियो बनाने और इसे ‘फैशन शो’ का अड्डा बनाने वाली शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया गया है। डीईओ का कहना है कि जवाब आने के बाद इन शिक्षिकाओं पर भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विवादों से भरा रहा है कार्यकाल

गौरतलब है कि प्राचार्या वंदना पांडेय को कुछ समय पहले सचिव के निरीक्षण के बाद निलंबित किया गया था। बहाल होने के बाद जब उन्हें दोबारा इसी स्कूल में पदस्थ किया गया, तो शिक्षकों और छात्रों के बीच तनाव चरम पर पहुँच गया। स्कूल में गुटबाजी इस कदर बढ़ गई थी कि छात्रों को इसमें जरिया बनाया जाने लगा। फिलहाल स्कूल की कमान आईपी साहू को बतौर प्रभारी प्राचार्या सौंपी गई है।

प्रशासन की चेतावनी

इस घटना के बाद प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि स्कूलों में अनुशासन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। डीईओ ने कहा कि शिक्षकों के आपसी विवाद और सोशल मीडिया के शौक के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित होना बर्दाश्त नहीं है। स्कूल में अब शैक्षणिक गतिविधियों को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here