CG News : रायपुर। त्योहारी सीजन में शहर की सड़कों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए नगर निगम ने इस बार बड़ी पहल की है। राजधानी में इस वर्ष श्री गणेश प्रतिमाओं की बिक्री अब सड़क किनारे नहीं होगी। निगम ने मूर्तिकारों के लिए लाखेनगर मैदान को अधिकृत विक्रय स्थल घोषित किया है, जहां से वे अपनी प्रतिमाओं का विक्रय कर सकेंगे।
CG News : महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल ने जोन 5 और जोन 7 के कमिश्नर तथा अधिकारियों के साथ मूर्तिकार संघ की बैठक ली। बैठक में मूर्तिकारों और कुम्हार समाज के प्रतिनिधियों ने सड़क किनारे मूर्ति बिक्री पर सहमति जताई और निगम के फैसले का स्वागत किया।
नगर निगम ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि जोन 5 और जोन 7 क्षेत्र में यदि किसी ने सड़क किनारे मूर्ति बेचने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय का उद्देश्य न केवल यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना है, बल्कि गणेशोत्सव के दौरान शहर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखना भी है।
ईदगाह भाठा और लाखेनगर मैदान को विक्रय स्थल के रूप में चिन्हित कर वहां बिजली, पानी और पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मूर्तिकारों और खरीदारों दोनों को सुविधाजनक माहौल मिल सकेगा।
नगर निगम का यह कदम भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक दबाव कम करने की दिशा में अहम साबित हो सकता है, जो आने वाले त्योहारों के लिए एक मॉडल की तरह पेश किया जा रहा है।










